नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या शुक्रवार 261 हो गई। 22 घंटे के अंदर देशभर में 29 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। मुंबई में सबसे ज्यादा 10 मरीजों की मौत हुई। पनवेल और वसई विरार में एक-एक मौतें हुईं। इस तरह से महाराष्ट्र में अब तक कोरोना से 110 मरीज जान गंवा चुके हैं। मध्यप्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को एक और डॉक्टर की मौत हो गई। देश में कोरोना से मरने वाले ये दूसरे डॉक्टर थे। इसके पहले गुरुवार को इंदौर में ही एक डॉक्टर की मौत हो चुकी है। इसके अलावा शहर में तीन अन्य संक्रमितों की जान गई। शहर में अब तक 27 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा गुजरात में तीन, दिल्ली और आंध्र प्रदेश में दो-दो मरीजों की जान गई। चंडीगढ़, हरियाणा, तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब और असम में भी एक-एक की जान गई। इससे पहले गुरुवार को देशभर में 34 लोगों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को हुईं मौतें
मध्य प्रदेश : इंदौर में आज चार लोगों की जान गई। सीएमएचओ प्रवीण जड़िया ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे 65 साल के पूर्व जिला आयुष अधिकारी निवासी ब्रह्मबाग की कोरोना से मौत हो गई। वे धार में पोस्टेड थे। वर्तमान में निजी प्रैक्टिस कर रहे थे। इससे पहले गुरुवार को डॉक्टर शत्रुघ्न पंजवानी की मौत हुई थी। उनकी उम्र 62 साल थी। इसके अलावा, कोरोना संक्रमित 52, 65 और 70 साल के मरीजों ने भी दम तोड़ दिया।
हरियाणा: गुड़गांव में 76 साल की इटली की महिला नागरिक की मौत हो गई। यह संक्रमित महिला मेदांता अस्पताल में पांच मार्च से एडमिट थी। इस महिला को इटली के ही 13 अन्य संदिग्धों के साथ भर्ती कराया गया था। बाकी सभी स्वस्थ हो गए थे।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में 77 साल की महिला की सात मार्च को मौत हो गई थी। उसे खांसी और सांस लेने में दिक्कत के चलते स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, शुक्रवार को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है।
पंजाब: मोहाली में शुक्रवार को 78 साल की बुजुर्ग महिला का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। इनकी मौत 7 अप्रैल को हुई थी।
असम : राज्य में पहली मौत दर्ज की गई। यहां 65 साल के बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
आंध्र प्रदेश और गुजरात: गुरुवार की शाम से शुक्रवार की सुबह तक गुजरात में तीन और आंध्र प्रदेश में दो मौतें हुईं।
महाराष्ट्र : मुंबई में आज 10 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई। इनमें 4 महिलाएं और 6 पुरुष थे। मृतकों में 46 साल से लेकर 75 साल के संक्रमित मरीज थे। 7 मृतक डायबिटीज और दो हाइपरटेंशन के मरीज भी थे। 2 मरीजों में किडनी की समस्या थी। जबकि 45 साल के एक मृतक में पहले से कोई बीमारी नहीं थी। पनवेल और वसई विरार में एक-एक कोरोना संक्रमित की जान गई। राज्य में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 110 हो गई है।
तमिलनाडु : राज्य के चीफ सेक्रेटरी के मुताबिक शुक्रवार को एक संक्रमित मरीज की मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 9 मरीजों की जान जा चुकी है।
दिल्ली : शुक्रवार को दो संक्रमितों की मौत हुई। राज्य में अब तक 14 लोग कोरोना के चलते जान गंवा चुके हैं।

यह तस्वीर 9 मार्च की है। जालंधर में कोरोना संक्रमित व्यक्ति का अंतिम संस्कार मेडिकल टीम और नगर निगम के कर्मचारियों ने किया। अंतिम यात्रा में मृतक के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
कब-कब हुईं सबसे ज्यादा मौतेे
तारीख | मौतों की संख्या |
30 मार्च 2020 | 11 मौतें |
1 अप्रैल 2020 | 13 मौतें |
2 अप्रैल 2020 | 14 मौतें |
3 अप्रैल 2020 | 14 मौतें |
4 अप्रैल 2020 | 14 मौतें |
5 अप्रैल 2020 | 23 मौतें |
6 अप्रैल 2020 | 21 मौतें |
7 अप्रैल 2020 | 22 मौतें |
8 अप्रैल 2020 | 27 मौतें |
9 अप्रैल 2020 | 34 मौतें |
संक्रमण से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें
राज्य | मौतें |
महाराष्ट्र | 110 |
मध्यप्रदेश | 37 |
गुजरात | 19 |
तेलंगाना | 12 |
दिल्ली | 14 |
पंजाब | 11 |
तमिलनाडु | 9 |
राजस्थान | 08 |
पश्चिम बंगाल | 07 |
आंध्र प्रदेश | 06 |
कर्नाटक | 06 |
उत्तर प्रदेश | 04 |
जम्मू-कश्मीर | 04 |
हरियाणा | 04 |
हिमाचल | 02 |
केरल | 02 |
बिहार | 01 |
चंडीगढ़ | 02 |
असम | 01 |
झारखंड | 01 |
ओडिशा | 01 |
कुल | 261 |